-
☰
राजस्थान: हरियाली अमावस्या पर जाशमा-मंगरा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
- Photo by : social media
विस्तार
राजस्थान: चित्तौड़गढ़ हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर बुधवार को जाशमा-मंगरा स्थित शनि महाराज मंदिर एवं औगड़ संत प्रताप महाराज समाधि स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही आसपास के गांवों सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने शनि महाराज और औगड़ संत प्रताप महाराज की समाधि पर जल, तेल, तिल और फूल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने पीपल के पेड़ की पूजा कर हरियाली अमावस्या की परंपरा निभाई। मंदिर परिसर और आसपास के बाजार में मेले जैसा माहौल रहा। प्रसाद, पूजा सामग्री, खिलौने और चूड़ी-बिंदी की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिली। खाने-पीने के स्टॉल भी श्रद्धालुओं से गुलजार रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार हरियाली अमावस्या पर यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से स्वयंसेवक तैनात किए गए। दोपहर तक मंदिर परिसर भक्तिमय नारों से गूंजता रहा।