-
☰
राजस्थान: करंट लगने से किसान की मौत पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, जांच जारी
- Photo by : social media
विस्तार
राजस्थान: टोंक जिले के चंदलाई गांव में करंट लगने से किसान सीताराम गुर्जर की मौत के बाद भड़के ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल शांत हो गया है। जिला कलेक्टर टीना डाबी से हुई वार्ता के बाद प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सहमति बनी। कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच के लिए तीन दिन का समय देते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। बताया जा रहा है कि सदर थाना क्षेत्र के चंदलाई गांव निवासी 50 वर्षीय किसान सीताराम गुर्जर की देर रात खेत पर काम करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को मोर्चरी में छोड़कर सीधे कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गए और नगर परिषद व कथित बकरा मंडी संचालक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि खेत के पास संचालित हो रही बकरा मंडी में टेंट के पोल के सहारे अवैध रूप से बिजली के तार बिछाए गए थे। इसी करंट की चपेट में आने से किसान की मौत हुई। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने कथित बकरा मंडी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बकरा मंडी के लिए प्रशासन द्वारा अलग स्थान चिन्हित होने के बावजूद अवैध रूप से दूसरे स्थान पर इसका संचालन किया जा रहा था। इसी लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। हालांकि जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया है, लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर जांच पूरी कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे दोबारा उग्र आंदोलन शुरू करेंगे। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।