-
☰
उत्तर प्रदेश: लाखों की लागत से बनी पानी की टंकी सालों से बंद, लोगों में नाराजगी
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: महोबा जनपद के कबरई विकासखंड स्थित बरभौली चौकी के पास जिला पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से एक पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। रा
विस्तार
उत्तर प्रदेश: महोबा जनपद के कबरई विकासखंड स्थित बरभौली चौकी के पास जिला पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से एक पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। राहगीरों और स्थानीय लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनी यह टंकी वर्षों बाद भी शोपीस बनकर रह गई है। निर्माण के कई साल बीत जाने के बावजूद इससे आज तक एक बूंद पानी की भी सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी के निर्माण में लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन इसके बावजूद पानी की आपूर्ति शुरू न होना सरकारी धन के दुरुपयोग का स्पष्ट संकेत है। इस मामले को लेकर लोगों में काफी नाराजगी है और यह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इतना पैसा खर्च होने के बाद भी आम जनता को इसका लाभ क्यों नहीं मिल रहा है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से इस मामले की जांच करने और जल्द से जल्द टंकी से पानी की सप्लाई शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे राहगीरों और क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा और सरकारी धन का सही उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बरभौली चौकी के पास से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीर, वाहन चालक और ग्रामीण गुजरते हैं। गर्मी के मौसम में उन्हें पानी की अत्यधिक आवश्यकता होती है। यदि यह टंकी चालू होती, तो इन लोगों को काफी राहत मिल सकती थी। हालांकि, संबंधित विभाग की अनदेखी के कारण यह टंकी अपनी बदहाली की कहानी बयां कर रही है।