Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: श्रद्धा सबुरी ढाबा प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग, व्यापारी संगठन ने एएसपी को सौंपा ज्ञापन

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 24/11/2026 11:19:07 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 24/11/2026 11:19:07 am
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र में श्रद्धा सबुरी ढाबा प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने निष्पक्ष जांच और न्यायसंगत कार्रवाई की मांग उठाई है। संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इसमें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ संबंधित व्यापारी और उसके प्रतिष्ठान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। संगठन के अनुसार, ग्राम बभनौली, तहसील रॉबर्ट्सगंज स्थित श्रद्धा सबुरी ढाबे के संचालक एवं संगठन के पदाधिकारी विनोद जायसवाल के साथ 20 अगस्त 2026 की रात करीब 12:30 बजे कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर विवाद, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया था। ज्ञापन में बताया गया कि ढाबे पर शराब पीने से मना करने के बाद विवाद की स्थिति पैदा हुई। वहीं, ढाबा संचालक का कहना है कि उनके प्रतिष्ठान में न तो शराब बेची जाती है और न ही परोसी जाती है।

व्यापारी संगठन ने आरोप लगाया कि घटना के संबंध में संचालक की ओर से शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा ढाबे के संचालन, भूमि उपयोग और वैधानिक अनुमतियों को लेकर उठाए गए सवालों पर भी संगठन ने प्रशासन से निष्पक्षता बरतने की अपील की। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कराई जाए। दोनों पक्षों के आरोपों और साक्ष्यों को समान महत्व दिया जाए तथा विनोद जायसवाल की शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही व्यापारी और उसके प्रतिष्ठान की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।

इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन कानून और प्रशासन का सम्मान करता है। संगठन किसी भी अवैध गतिविधि का समर्थन नहीं करता, लेकिन किसी भी व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई निष्पक्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी की आजीविका, प्रतिष्ठा और सामाजिक सम्मान भी महत्वपूर्ण हैं। किसी भी शिकायत के आधार पर एकतरफा धारणा बनाना या किसी पक्ष को अपनी बात रखने का अवसर दिए बिना कार्रवाई करना उचित नहीं है। संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि व्यापारी समाज के सम्मान, सुरक्षा और न्यायपूर्ण व्यवस्था को सुनिश्चित करना है। ज्ञापन सौंपने के दौरान राजेश जायसवाल, पंकज कनोडिया, शरद जायसवाल, कृष्णा सोनी, विनोद जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, अमित अग्रवाल सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


Featured News