-
☰
उत्तर प्रदेश: मंडल स्तरीय दिव्य दीपावली मेले का शुभारंभ, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने किया उद्घाटन
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज के विकास भवन परिसर में शुक्रवार को मंडल स्तरीय 'दिव्य दीपावली मेले' का आयोजन किया गया। स्वदेशी उत्पादों और दिव्यांगजनों के हुनर एवं कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले का शुभारंभ शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने फीता काटकर किया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज के विकास भवन परिसर में शुक्रवार को मंडल स्तरीय 'दिव्य दीपावली मेले' का आयोजन किया गया। स्वदेशी उत्पादों और दिव्यांगजनों के हुनर एवं कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले का शुभारंभ शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद विधायक ने मेले में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने दिव्यांगजनों के कौशल, मेहनत और नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और हुनर को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला दिव्यांगजनों के हौसलों को नई उड़ान देने का काम करेगा। मेले में विभिन्न विभागीय संस्थाओं और दिव्यांगजनों के क्षेत्र में कार्यरत स्वैच्छिक संगठनों ने अपने स्टॉल लगाए। इनमें बचपन डे केयर सेंटर, राजकीय ममता विद्यालय, बेसिक शिक्षा विभाग, भाविनी वेलफेयर सोसाइटी, मूर्ति देवी महिला गृह उद्योग, माता कलावती कॉलेज ऑफ स्पेशल एजुकेशन, उत्तर प्रदेश मूक बधिर विद्यालय, एसएन सेवा संस्थान, विशाल इंस्टीट्यूट ऑफ रिहैबिलिटेशन साइंसेज, जन चेतना शिक्षण संस्थान और राजीव गांधी बधिर विद्यालय प्रयागराज शामिल रहे। इसके अलावा बचपन डे केयर सेंटर, भावना दिव्यांग विद्यालय फतेहपुर और दीपमाला जन कल्याण सेवा संस्थान कौशांबी की ओर से भी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। स्टॉल पर रंग-बिरंगे दीये, मिट्टी की मूर्तियां, जूट के बैग, मोतियों की मालाएं, मोमबत्तियां, धूपबत्ती और अगरबत्ती सहित विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर उप निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण प्रयागराज मंडल, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रयागराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।