Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: देवरिया कारागार का औचक निरीक्षण, बंदियों को बेहतर सुविधाओं के निर्देश

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Omprakash Tiwari , Date: 12/03/2026 12:02:04 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Omprakash Tiwari ,
  • Date:
  • 12/03/2026 12:02:04 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: देवरिया जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बुधवार को जिला कारागार देवरिया का औचक निरीक्षण किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: देवरिया जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बुधवार को जिला कारागार देवरिया का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीडी) शैलजा मिश्रा द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने सबसे पहले कारागार की पाकशाला का जायजा लिया और बंदियों को निर्धारित मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कारागार चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया तथा कई बंदियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए उन्होंने कारागार प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान ऐसे बंदियों का भी संज्ञान लिया गया, जिनकी जमानत न्यायालय से हो चुकी है लेकिन जमानतदार के अभाव में वे अब भी कारागार में निरुद्ध हैं। इस संबंध में सचिव ने कारागार अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई कर उन्हें राहत दिलाने के निर्देश दिए। सचिव ने विशेष रूप से वृद्ध बंदियों, गंभीर रूप से बीमार कैदियों तथा महिला बैरक में रह रही महिलाओं और उनके साथ रहने वाले बच्चों के लिए जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान जिला कारागार अधीक्षक आशीष रंजन, कारापाल राजकुमार वर्मा सहित जेल वार्डन व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।