-
☰
उत्तर प्रदेश: मिश्रिख में ज्वेलर्स की दुकान से चेन चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; दो सोने की चेन बरामद
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सीतापुर मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकान से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई दोनों चेन बरामद करने का दावा किया है। मामले में आरोपी का एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर 2026 को मिश्रिख कस्बे के तहसील तिराहे पर पोस्ट ऑफिस के सामने स्थित राठौर ज्वैलर्स की दुकान पर दो युवक लाल रंग की पल्सर बाइक से पहुंचे थे। दोनों ने दुकानदार दिलीप राठौर से अंगूठी देखने के बहाने बातचीत शुरू की और उन्हें बातों में उलझा लिया। इसी दौरान मौका पाकर दुकान से सोने की चेन चोरी कर दोनों बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीओ मिश्रिख विशाल गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई दोनों सोने की चेन बरामद की गई हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।