Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: तीन लूटकांडों का हुआ खुलासा, चार शातिर बदमाश हुए गिरफ्तार

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Gyanendra Bahadur Singh , Date: 25/05/2026 01:42:56 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Gyanendra Bahadur Singh ,
  • Date:
  • 25/05/2026 01:42:56 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: उन्नाव जनपद में हुई लूट की तीन घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: उन्नाव जनपद में हुई लूट की तीन घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पंजाब तथा एक उन्नाव का निवासी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवर, नकदी, मोबाइल फोन, बाइक और एक मिनी ग्लॉक पिस्टल मय कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली सदर, बीघापुर, अचलगंज पुलिस एवं स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। जानकारी के अनुसार 19 मई को थाना बीघापुर क्षेत्र में एक व्यक्ति से बाइक, मोबाइल और 1600 रुपये की लूट की गई थी। इसी दिन थाना अचलगंज क्षेत्र में अपाचे बाइक लूटने की घटना हुई। वहीं 20 मई को कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित चंदेलिया जयकृष्णा ज्वैलर्स में मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली गई थी। तीनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर सात पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने गंगाघाट क्षेत्र से लूटी गई अपाचे और स्प्लेंडर बाइक बरामद की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी कानपुर रेलवे स्टेशन की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से विभिन्न जिलों और जीआरपी को भेजीं।


सूचना के आधार पर जीआरपी अलीगढ़ ने दो आरोपियों को पकड़ा, जबकि दो आरोपी गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किए गए। उन्नाव पुलिस दोनों स्थानों से आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए कोतवाली सदर लाई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अजीत कुमार उर्फ गोलू निवासी बीघापुर उन्नाव, दिलावर उर्फ गोला, अक्षय उर्फ रनवीर तथा मनप्रीत निवासी पंजाब बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, 4500 रुपये नकद, रेडमी मोबाइल, कैलकुलेटर और एक मिनी ग्लॉक पिस्टल मय चार कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में कोतवाली सदर, बीघापुर, अचलगंज पुलिस एवं स्वाट टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Featured News