Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: माँ शाकंभरी देवी क्षेत्र में तेज जलप्रवाह से हुआ हादसा, प्रशासन अलर्ट पर

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Rakesh Kumar Sharma , Date: 29/05/2026 03:43:09 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Rakesh Kumar Sharma ,
  • Date:
  • 29/05/2026 03:43:09 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जनपद प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा माँ शाकंभरी देवी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जनपद प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा माँ शाकंभरी देवी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। दिनांक 28/29.05.2026 की रात्रि को लगभग 12:00 बजे से 2:00 बजे के मध्य अचानक तेज जलप्रवाह आने की घटना में दो महिलाओं के बह जाने की सूचना प्राप्त हुई।पुलिस एंव प्रशासन की टीमों द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित करते हुए दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए हैं तथा आवश्यक विधिक कार्यवाही हेतु पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के दृष्टिगत पुलिस एवं प्रशासन पूर्व से ही पूर्ण सतर्कता के साथ क्षेत्र में तैनात था। 

लगातार सार्वजनिक उद्घोषणाओं (PA System) के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को सचेत किया जा रहा था तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों एवं धर्मशालाओं में स्थानांतरित किया गया था। एक महिला देर रात्रि किसी कारणवश धर्मशाला से बाहर निकल गईं और अचानक आए पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गईं, जिसके परिणामस्वरूप उनकी दुखद मृत्यु हो गई। वर्तमान में मौसम विभाग एवं डिजास्टर मैनेजमेंट टीम से सतत समन्वय स्थापित किया गया है। संभावित मौसम अलर्ट को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती एवं प्रिवेंटिव कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन एंव पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी भी प्रकार की जनहानि को रोकना है। 

आगामी वीकेंड तथा संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, संयुक्त ड्यूटियां तथा निर्धारित SOP के अनुसार व्यवस्थाओं का संचालन किया जा रहा है। सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। अन्य जनपदों एवं राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं तक भी आवश्यक सूचनाएं पहुंचाई जा रही हैं। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार दिशा-निर्देश प्रसारित किए जा रहे हैं तथा श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है। जिला प्रशासन सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील करता है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें।