Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: परिवेदना समिति बैठक में 7 शिकायतों का हुआ मौके पर निपटारा

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 05/06/2026 04:24:46 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 05/06/2026 04:24:46 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी नवगठित हांसी जिला की पहली जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक शुक्रवार को स्थानीय एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में हरियाणा के शिक्षा मंत्री एवं समिति के अध्यक्ष महीपाल ढांडा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

विस्तार

हरियाणा: हांसी नवगठित हांसी जिला की पहली जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक शुक्रवार को स्थानीय एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में हरियाणा के शिक्षा मंत्री एवं समिति के अध्यक्ष महीपाल ढांडा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 10 जन शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 7 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 3 मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का समाधान निर्धारित समय-सीमा में गंभीरता से किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान तभी माना जाएगा जब शिकायतकर्ता स्वयं संतुष्टि पत्र प्रस्तुत करेगा। उन्होंने रिहायशी क्षेत्रों में सड़कों और गलियों के निर्माण के साथ-साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

भाटोल रागड़ान गांव में अवैध नशे के कारोबार से संबंधित शिकायत पर मंत्री ने पुलिस विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए क्षेत्र में नशे पर पूर्ण अंकुश लगाने को कहा। वहीं ढाणी पुरिया गांव में नाले एवं पुल निर्माण की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को एक माह के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। घिराय गांव में पेयजल पाइपलाइन की समस्या पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को शीघ्र कार्य शुरू करने के आदेश दिए गए। बैठक में हांसी विधायक विनोद भयाना, नारनौंद विधायक जसवीर सिंह जस्सी, उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, एडीसी लक्षित सरीन, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग डाटा सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना ने शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा का स्वागत करते हुए कहा कि हांसी को जिला बनवाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। डीसी राहुल नरवाल ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया। बैठक से पूर्व शिक्षा मंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राधा स्वामी सत्संग भवन के निकट पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान विधायक, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया। बाद में स्थानीय एसडी महिला महाविद्यालय परिसर में त्रिवेणी रोपित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा परिवादी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।