Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: 17 जुलाई को भिवानी को मिलेगा मेडिकल कॉलेज का तोहफा, पीएम करेंगे शुभारंभ

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 13/07/2026 01:16:51 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 13/07/2026 01:16:51 pm
Share:

विस्तार

हरियाणा: हरियाणा के भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के लिए 17 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें भिवानी के नवनिर्मित पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज और नारनौल (कोरियावास) स्थित मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ भी शामिल है। इस संबंध में सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। सांसद धर्मबीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री 17 जुलाई को देश की पहली 100 प्रतिशत प्रदूषण रहित हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन का भी शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत के रेलवे क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

उन्होंने बताया कि भिवानी में मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जींद में होने वाले मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन 17 जुलाई को सुबह 9 बजे नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज परिसर (मिल्क प्लांट के समीप) में होगा, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस बार कार्यक्रम में एक विशेष पहल भी की गई है। सांसद ने बताया कि समारोह में आने वाले लोगों से इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का उपयोग करने या पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की अपील की गई है। इसका उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

प्रेसवार्ता के दौरान सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में हाइड्रोजन ट्रेन जैसी परियोजनाएं भविष्य की स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम साबित होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा, डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को अपने जिले में ही बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री जेपी दलाल, विधायक घनश्याम सर्राफ, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल, विनोद चावला सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इन विकास परियोजनाओं का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।