-
☰
हरियाणा: शराब ठेका लूट मामले में तीन बदमाश गिरफ्तार, ₹5 हजार का इनामी भी पुलिस के शिकंजे में
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: जिले में अपराध पर लगाम कसने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अपराध मुक्त फतेहाबाद अभियान के तहत फतेहाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर (आईपीएस) के नेतृत्व में सीआईए टोहाना, थाना जाखल और थाना सदर टोहाना की संयुक्त टीम ने रुपावाली और खासवा गांव स्थित शराब ठेकों पर हुई लूट की दो सनसनीखेज वारदातों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक अवैध 32 बोर पिस्टल, एक 315 बोर का देशी कट्टा तथा गंडासी भी बरामद की है। प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी दिव्याशी सिंगला ने बताया कि 2 जुलाई 2026 की रात गांव रुपावाली स्थित शराब ठेके पर बदमाशों ने सेल्समैन के साथ मारपीट कर करीब 14 हजार रुपये नकद और शराब लूट ली थी। इसी रात आरोपियों ने गांव खासवा स्थित शराब ठेके पर भी हथियारों के बल पर हमला कर सेल्समैन से मारपीट करते हुए लगभग 30 हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। दोनों मामलों में संबंधित थानों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि कुछ अपराधी पंजाब सीमा से सटे जाखल क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीआईए टोहाना टीम ने सिकंदर पुत्र रूपा सिंह को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से अवैध 32 बोर पिस्टल बरामद हुई। सिकंदर हत्या के एक चर्चित मामले में लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने विजय उर्फ चांदी को भी गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ में शराब ठेकों पर हुई लूट की वारदातों का खुलासा हुआ। उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी जश्न सिंह उर्फ राठा को भी गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त गंडासी बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, हथियार और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए जा चुके हैं। आरोपी सिकंदर और विजय को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जबकि तीसरे आरोपी को भी न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों, उनके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सिकंदर और विजय के खिलाफ पहले से हत्या, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। फतेहाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं है और अपराध करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।
झारखण्ड: दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से इलाज कराने जा रही महिला की हुई मौत
मध्य प्रदेश: आबकारी विभाग में पदोन्नति, कर्मचारियों को जिला आबकारी अधिकारी ने दी शुभकामनाएं
मध्य प्रदेश: नए एसपी का एक्शन प्लान, 15 जुलाई से शुरू होगा नशा विरोधी अभिया
झारखण्ड: अंधविश्वास की बलि चढ़ा मासूम, चाचा ने 12 वर्षीय भतीजे की करी हत्या
हरियाणा: CIA पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.62 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर हुए गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश: हज यात्रियों की सुविधाओं पर मंथन, बलिया में राज्य हज समिति की हुई अहम बैठक