Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक, विकास परियोजनाओं और फसल खरीद प्रबंधों पर दिया जोर

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rammehar , Date: 01/04/2026 05:11:48 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rammehar ,
  • Date:
  • 01/04/2026 05:11:48 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी 01 अप्रैल प्रशासनिक सचिव एवं जिला प्रभारी अधिकारी तथा आयुक्त एवं सचिव जे. गणेशन ने बुधवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में जिला के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक लेते हुए पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता, बड़ी विकास परियोजनाओं, जिले में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम तथा फसल खरीद प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की।

विस्तार

हरियाणा: हांसी 01 अप्रैल प्रशासनिक सचिव एवं जिला प्रभारी अधिकारी तथा आयुक्त एवं सचिव जे. गणेशन ने बुधवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में जिला के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक लेते हुए पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता, बड़ी विकास परियोजनाओं, जिले में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम तथा फसल खरीद प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ,अतिरिक्त उपायुक्त एवं डीएमसी लक्षित सरीन भी साथ रहे। बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। बैठक में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि बरवाला ब्रांच से भाखड़ा का पानी हांसी शहर के जलघरों तक पहुंचाने की लगभग 61 करोड़ रुपये लागत की परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में पेयजल की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। इसके अलावा ढाणी कुतुबपुर के निकट बने जलघर में एक अतिरिक्त वॉटर टैंक तथा 15 एमएलडी क्षमता के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य भी आगामी मई माह तक पूरा कर लिया जाएगा, जिस पर लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। प्रशासनिक सचिव ने एसडीएम हांसी को इन परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की देरी होने पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


प्रशासनिक सचिव ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा करते हुए कहा कि स्टाफ की कमी को जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि आगामी दौरों के दौरान जिले के स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों का निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके। पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पर स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को पैनिक बुकिंग से बचना चाहिए। उन्होंने उपायुक्त राहुल नरवाल से कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए छापेमारी अभियान को और तेज किया जाए। साथ ही आमजन को पीएनजी गैस के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए, क्योंकि पीएनजी गैस एलपीजी की तुलना में अधिक किफायती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसे लगभग तीन लाख उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं, जिन्होंने पीएनजी और एलपीजी दोनों कनेक्शन ले रखे हैं, वे उपभोक्ता एलपीजी गैस सिलेंडर ना ले। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएनजी कनेक्शन लेने के बाद एलपीजी सिलेंडर नहीं लिया जाना चाहिए।


उन्होंने यह भी कहा कि कई बार कुछ लोग पेट्रोलियम उत्पादों की कमी को लेकर अफवाहें फैलाकर अपने हित साधने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में पुलिस अधीक्षक को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। बैठक से पहले प्रशासनिक सचिव जे. गणेशन ने अनाज मंडी हांसी का दौरा कर फसल खरीद प्रक्रिया व प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में की गई व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गेट पास बनाने की प्रक्रिया का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि अनाज मंडी सहित अन्य खरीद केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में बायोमेट्रिक एवं आईआरआईएस स्कैनर स्थापित किए गए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासनिक सचिव ने मंडी में पेयजल, लाइटिंग, सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि फसल बिक्री के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर डीसी राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम राजेश खोथ, नारनौंद उपमंडल के एसडीएम विकास यादव, नगराधीश हिमांशु चौहान, तहसीलदार अनिल कुमार बिढान  तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।