-
☰
राजस्थान: नयागांव रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने उठाईं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: देवली केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान के तहत मंगलवार को देवली उपखंड क्षेत्र की नयागांव ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
विस्तार
राजस्थान: देवली केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान के तहत मंगलवार को देवली उपखंड क्षेत्र की नयागांव ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष रखीं। रात्रि चौपाल कार्यक्रम में पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी तथा देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्राम रथ के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लोगों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सीपी जोशी ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार आमजन, किसान, युवा, मातृशक्ति और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित कर रही हैं। वहीं विधायक राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि ग्राम रथ को केवल एक वाहन न समझा जाए, बल्कि यह गांव-गांव तक विकास और सरकारी योजनाओं का संदेश लेकर पहुंचने वाला दूत है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं और अपने परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाएं। रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सांसद सीपी जोशी, विधायक राजेंद्र गुर्जर एवं जिला कलेक्टर टीना डाबी के समक्ष विभिन्न समस्याएं भी रखीं। ग्रामीणों ने सीतापुरा में पेयजल टंकी से जलापूर्ति शुरू करवाने, राजकोट वन भूमि से मिट्टी संबंधित समस्या, दूनी थाना अधिकारी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने और कॉल रिसीव नहीं करने, सरदड़ा में पेयजल लाइन बिछने के बावजूद पानी सप्लाई नहीं होने, आवां खेल मैदान के वर्षों से अधूरे पड़े कार्य को शुरू करवाने सहित बिजली, पानी, सड़क एवं अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई। इस पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देकर समस्याओं के त्वरित समाधान के आदेश दिए। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गेना, जिला अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सौकरिया, सीईओ परशुराम धानका, एसडीएम रूबी अंसार, देवली निवर्तमान प्रधान बनवारी लाल जाट, देवली देहात अध्यक्ष विनोद माहुर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश: हैलट अस्पताल के आसपास चला अतिक्रमण हटाओ अभियान हुआ शुरू, 72 वाहनों के चालान व 3 सीज
उत्तर प्रदेश: मेधावी छात्रों के सम्मान से गूंज उठा एमटीएस पब्लिक स्कूल, सफलता पर मनाया जश्न
हरियाणा: हरियाणा पावर कॉरपोरेशन कर्मचारी यूनियन के चुनाव हुए सम्पन्न, नई कार्यकारिणी हुई गठित
राजस्थान: उपस्वास्थ्य केन्द्र की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया, निर्माण का रास्ता हुआ साफ