Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: सोनभद्र में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 225 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 27/10/2026 02:57:51 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 27/10/2026 02:57:51 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित डायट परिसर, उरमौरा में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित डायट परिसर, उरमौरा में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 225 जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 216 हिंदू और 9 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधू को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित इस योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में विकास खंड रॉबर्ट्सगंज के 38, करमा के 19, चतरा के 11, नगवां के 5, दुद्धी के 15, म्योरपुर के 43, घोरावल के 29, चोपन के 21, कोन के 8 और बभनी के 24 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र के 12 जोड़े भी विवाह बंधन में बंधे।

राज्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद

समारोह में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह और नगवां ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने भी नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग और पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों ने सहयोग किया। आयोजन स्थल पर विवाह समारोह के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान

जिला समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार, शासनादेश के तहत मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें कन्या के दाम्पत्य जीवन और गृहस्थी की स्थापना के लिए 64 हजार रुपये की सहायता राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से कन्या के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसमें गद्दा, तकिया, साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, लहंगा, चादर, प्रेस, डिनर सेट, सीलिंग फैन, मिठाई सहित अन्य जरूरी सामान शामिल हैं। वहीं, भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, बिजली और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं के लिए प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है।

नवंबर में फिर आयोजित होगा सामूहिक विवाह कार्यक्रम

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि सोनभद्र में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अगला कार्यक्रम 15 से 25 नवंबर 2026 के बीच प्रस्तावित है। योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को विवाह संबंधी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ सामूहिक आयोजनों के जरिए विवाह संपन्न कराने की सुविधा दी जा रही है।