-
☰
उत्तर प्रदेश: सड़क सुरक्षा पर सीएम योगी हुए सख्त, ओवरस्पीड और स्टंटबाजी पर होगी कड़ी कार्रवाई
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज लखनऊ में सड़क सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज लखनऊ में सड़क सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन सरकार के लिए महत्वपूर्ण है और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतें देश व प्रदेश की बड़ी क्षति हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश दुर्घटनाएं जागरूकता के अभाव में होती हैं, इसलिए सभी जनपदों में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। मुख्यमंत्री ने शासन स्तर पर सड़क सुरक्षा की पाक्षिक समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों पर स्टंटबाजी, ओवर स्पीडिंग और नशे में वाहन चलाना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन वाहनों का बार-बार चालान हो रहा है, उनके विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएं। परिवहन निगम को निर्देशित किया गया कि केवल फिटनेसयुक्त बसों का ही संचालन किया जाए तथा चालकों और परिचालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि चौराहों, टोल प्लाजा, व्यस्त मार्गों और प्रमुख स्थलों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाए। सीट बेल्ट, हेलमेट और अन्य सुरक्षा मानकों के पालन के लिए अभियान चलाकर आमजन को प्रेरित किया जाए। बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर समयबद्ध तरीके से उनके निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक स्थानों पर साइनेज लगाने और चौराहों समेत महत्वपूर्ण जगहों पर टेबलटॉप स्पीड ब्रेकर बनाने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद माना जा रहा है कि प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान तेज किया जाएगा और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई देखने को मिलेगी।
मध्य प्रदेश: माफिया नेटवर्क को लेकर चर्चाएं हुई तेज, प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल
उत्तर प्रदेश: विंध्याचल क्षेत्र में जमीन विवाद गहराया, दोनों पक्षों ने प्रसाशन से की जांच की मांग
दिल्ली: नमो भारत ट्रेन को मिली रफ्तार, लोगों को मिलेगा आरआरटीएस नेटवर्क का लाभ
राजस्थान: 30 किलो डोडा पोस्त के साथ आरोपी हुआ गिरफ्तार, मिक्सी व पैकिंग सामग्री की जब्त
राजस्थान: बकरा मंडी विवाद गहराया, पूर्व पार्षद ने कलेक्टर से की शिकायत