Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: सपा नेता ने शंकराचार्य के समर्थन में सरकार पर साधा निशाना

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ranu , Date: 24/02/2026 03:27:23 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Ranu ,
  • Date:
  • 24/02/2026 03:27:23 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुंवर जयेश प्रसाद ने प्रेस वार्ता में ज्योतिषपीठ के जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में स्पष्ट और दृढ़ मत व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुंवर जयेश प्रसाद ने प्रेस वार्ता में ज्योतिषपीठ के जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में स्पष्ट और दृढ़ मत व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि माघ मेला के दौरान शंकराचार्य जी को स्नान से रोका जाना निंदनीय कृत्य है और यह संत समाज की गरिमा के विरुद्ध है। कुंवर जयेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि एक सुनियोजित रणनीति के तहत आशुतोष पांडे को आगे कर शंकराचार्य जी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति पूर्व में भी विभिन्न विवादों में रहा है और उस पर संगठन के नाम पर लोगों को गुमराह करने के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2019 में शामली में तैनात तत्कालीन पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई थी। उन्होंने कहा कि स्वयं शंकराचार्य जी ने कथित सीडी को सार्वजनिक करने की मांग की है। जब वे स्वयं पारदर्शिता चाहते हैं तो किसी भी प्रकार की अफवाह या दुष्प्रचार की राजनीति समाप्त होनी चाहिए। यदि कोई आरोप है तो उसे सार्वजनिक कर निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि समाज में फैला भ्रम दूर हो सके।

 

प्रेस वार्ता में कुंवर जयेश प्रसाद ने शहर में बढ़ रही अवैध प्लाटिंग और भूमाफियाओं की सक्रियता पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मासूम लोग जीवन भर की कमाई अवैध प्लॉट में लगा देते हैं, जो बाद में दाखिल-खारिज तक नहीं हो पाते। शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई न होने का आरोप भी उन्होंने लगाया। उन्होंने कहा कि गौ रक्षा के नाम पर राजनीति करने वालों को आगे आकर छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर नगर निगम बनने के बाद शहर की समस्याएं कम होने के बजाय बढ़ी हैं। जगह-जगह खुदी सड़कों और अधूरे कार्यों से नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में जिले में ऐसा कोई बड़ा उद्योग स्थापित नहीं हुआ जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके। केवल घोषणाएं और बड़े-बड़े दावे किए गए, जबकि जमीनी स्तर पर विकास दिखाई नहीं देता। अंत में कुंवर जयेश प्रसाद ने प्रदेशवासियों से संयम बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी संत समाज के सम्मान, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।


Featured News