-
☰
हरियाणा: स्वच्छता ही स्वागत अभियान में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने किया श्रमदान
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित हरियाणा दौरे से पहले प्रदेशभर में चलाए जा रहे 'स्वच्छता ही स्वागत' अभियान के तहत सोमवार को फतेहाबाद में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और प्रदेशवासियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाने की अपील की। इस अवसर पर कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर 13 जुलाई से पूरे प्रदेश में विशेष स्वच्छता और सौंदर्यीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहरों और गांवों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है, ताकि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और इसे जनभागीदारी का अभियान बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान देश की पहली 100 प्रतिशत प्रदूषण रहित हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह ट्रेन एक साथ लगभग 800 यात्रियों को यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री अपने हरियाणा दौरे के दौरान कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन करेंगे तथा सिख म्यूजियम की आधारशिला भी रखेंगे। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं प्रदेश के विकास, पर्यटन और आधुनिक बुनियादी ढांचे को नई गति देंगी। कृष्ण कुमार बेदी ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपने गांव, वार्ड और शहरों में स्वच्छता अभियान चलाकर इसे जन आंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल बेहतर स्वास्थ्य का आधार है, बल्कि समाज की जिम्मेदारी और जागरूकता का भी प्रतीक है। उन्होंने लोगों से 17 जुलाई को जींद में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की भी अपील की। सफाई अभियान के दौरान मंत्री ने अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर श्रमदान किया तथा स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक दुड़ाराम, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, जिला परिषद चेयरमैन सुमन खिचड़, नगर परिषद चेयरमैन राजेंद्र खींची, सफाई आयोग के सदस्य चंद्र प्रकाश बोसती, नगर परिषद वाइस चेयरमैन सविता टुटेजा, कंवल चौधरी, जगदीश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अभियान के दौरान स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने पर विशेष जोर दिया गया।