Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: पहली बार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम बनेंगे आकर्षण का केंद्र

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 13/08/2026 11:12:00 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 13/08/2026 11:12:00 am
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी जिला बनने के बाद आयोजित होने वाले प्रथम स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

विस्तार

हरियाणा: हांसी जिला बनने के बाद आयोजित होने वाले प्रथम स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण एवं यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। यह जानकारी एसडीएम राजेश खोथ ने दी। उन्होंने बताया कि समारोह की फाइनल रिहर्सल 13 अगस्त को की आयोजित की जाएगी, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मास पीटी, परेड, बैंड तथा अन्य प्रस्तुतियों का अंतिम अभ्यास किया जाएगा। फाइनल रिहर्सल के दौरान समारोह में होने वाली प्रत्येक गतिविधि का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यास कराया जाएगा, ताकि 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में किसी प्रकार की कमी न रहे।

समारोह में उपायुक्त राहुल नरवाल ध्वजारोहण करेंगे। एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि हांसी जिले का यह पहला जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह है, इसलिए जिला प्रशासन द्वारा इसे ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

देशभक्ति और हरियाणवी संस्कृति की दिखेगी झलक

एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि समारोह में चयनित शिक्षण संस्थानों की सांस्कृतिक टीमें देशभक्ति, हरियाणवी संस्कृति, भारतीय परंपराओं तथा राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां देंगी। इन प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ-साथ देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भी सुंदर झलक देखने को मिलेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एसकेडीवीएम हांसी, मानवती आर्या स्कूल हांसी, बीबीबीपीएस हांसी, एसडी मॉडर्न पब्लिक स्कूल हांसी तथा हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल हांसी की टीमों का चयन किया गया है।

पायलट बैंड के साथ होगा मार्च, सामूहिक पीटी बनेगी आकर्षण

स्वतंत्रता दिवस समारोह में एसकेडीवीएम हांसी का पायलट बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके साथ ही विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी सामूहिक पीटी प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगे। मास पीटी में राजकीय मॉडल संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हांसी, श्री कृष्ण प्रणामी पब्लिक स्कूल हांसी, गुरु तेग बहादुर स्कूल हांसी, हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल हांसी, मानवती आर्या कन्या हाई स्कूल हांसी, श्री काली देवी विद्या मंदिर हांसी, एसडी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल हांसी, बाबा बंदा बहादुर पब्लिक स्कूल हांसी, एसडी मॉडर्न पब्लिक स्कूल हांसी, आरपीएस पब्लिक स्कूल गढ़ी तथा सीडीएस इंटरनेशनल स्कूल मुंडहल के विद्यार्थी भाग लेंगे।

परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट्स की टुकड़ियां लेंगी हिस्सा

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा। परेड में हांसी पुलिस की पुरुष एवं महिला पुलिस फोर्स, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर डिवीजन राजकीय पीजी कॉलेज हांसी, एनसीसी जूनियर विंग एसडी मॉडर्न पब्लिक स्कूल हांसी, एनसीसी जूनियर विंग हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल हांसी, एसपीसी पीएमश्री जीएसएसएस माशूदपुर तथा हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स की टुकड़ियां शामिल होंगी।

हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स में बीबीबीपीएस तथा हैप्पी पब्लिक स्कूल हांसी के विद्यार्थी प्रतिभागिता करेंगे। एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि फाइनल रिहर्सल के दौरान परेड, मार्च पास्ट, बैंड, मास पीटी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ध्वजारोहण तथा अन्य निर्धारित कार्यक्रमों का क्रमवार अभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को भी अंतिम रूप दिया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थी एवं प्रतिभागी स्वतंत्रता दिवस समारोह की गरिमा के अनुरूप अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ अपनी तैयारियां पूरी करें। एसडीएम ने कहा कि 15 अगस्त प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और देशभक्ति का प्रतीक है। हांसी जिले के गठन के बाद पहली बार आयोजित होने वाले  स्वतंत्रता दिवस समारोह को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों द्वारा मिलकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।


Featured News