-
☰
हरियाणा: किसानों को मिली बड़ी सौगात, 109.98 लाख रुपये से संवरेगी की अनाज मंडी
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हांसी में 13 जुलाई को क्षेत्र के किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक विनोद भयाना ने रविवार को 109.98 लाख रुपये की लागत से नई अनाज मंडी एवं अतिरिक्त अनाज मंडी में आंतरिक सड़कों और शेडों के जीर्णोद्धार कार्य का नारियल तोड़कर शुभारंभ किया। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा स्वीकृत इस विकास परियोजना से मंडी क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ कृषि उपज के आवागमन और भंडारण व्यवस्था को भी अधिक सुगम बनाया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित किसानों, आढ़तियों एवं व्यापारियों को संबोधित करते हुए विधायक विनोद भयाना ने कहा कि हरियाणा सरकार किसान हितों को सर्वोपरि मानते हुए मंडियों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य किसानों को उनकी उपज के विपणन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नई अनाज मंडी और अतिरिक्त अनाज मंडी में वर्षों से उपयोग में आ रही सड़कों तथा शेडों के जीर्णोद्धार की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इस परियोजना के माध्यम से मंडी परिसर की आंतरिक सड़कों की विशेष मरम्मत, आवश्यक सुदृढ़ीकरण तथा शेडों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इससे मंडी में आने वाले किसानों, आढ़तियों, मजदूरों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। विधायक ने कहा कि मंडियों का मजबूत बुनियादी ढांचा कृषि अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सड़कों की बेहतर स्थिति से कृषि उपज के परिवहन में सुविधा होगी, जबकि शेडों के सुधार से फसलों को मौसम की मार से बचाने में मदद मिलेगी। इससे किसानों की उपज के सुरक्षित रख-रखाव और सुचारू खरीद प्रक्रिया को भी बल मिलेगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा स्वीकृत इस परियोजना की कुल लागत 109.98 लाख रुपये है तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्माण एवं मरम्मत कार्य को 10 माह की अवधि में पूरा किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।उपस्थित लोगों ने मंडी के विकास के लिए शुरू किए गए इस कार्य का स्वागत करते हुए इसे किसानों और व्यापारियों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी के अध्यक्ष दिनेश धवन, सचिव बसाउ राम, विजेन्द्र सिंह,मुकेश बंसल, जस्सी मक्कड़, अशोक दलिया सहित अनेक आढ़ती, किसान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।