Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: प्रॉपर्टी डीलर की ब्लाइंड मर्डर 48 घंटे में सुलझी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rammehar , Date: 06/02/2026 03:25:09 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rammehar ,
  • Date:
  • 06/02/2026 03:25:09 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी पुलिस ने उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए प्रॉपर्टी डीलर की सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर की घटना को मात्र 48 घंटे में सुलझाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।

विस्तार

हरियाणा: हांसी पुलिस ने उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए प्रॉपर्टी डीलर की सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर की घटना को मात्र 48 घंटे में सुलझाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने हांसी पुलिस की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है और कहा कि हांसी पुलिस की टीम को इस सनसनीखेज अपराध का वैज्ञानिक तरीके से खुलासा करने पर ₹50,000 का इनाम तथा प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने हांसी पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि प्रॉपर्टी डीलर के ब्लाइंड मर्डर मामले को मात्र 48 घंटे में सुलझाना हरियाणा पुलिस की पेशेवर क्षमता, अनुशासित कार्यप्रणाली और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक हांसी के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा सीमित सुरागों के बावजूद जिस तत्परता, समन्वय और साक्ष्य-आधारित दृष्टिकोण से इस जघन्य अपराध का खुलासा किया गया है, वह सराहनीय है। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि हरियाणा पुलिस अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से कार्य कर रही है और राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे ही प्रभावी एवं त्वरित अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।


हत्या की सूचना मिलते ही शुरू हुई त्वरित जांच


पुलिस अधीक्षक हांसी श्री अमित यशवर्धन ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 03 फरवरी 2026 को थाना शहर हांसी क्षेत्र के सेक्टर-6 में स्थित कार्यालय में प्रॉपर्टी डीलर श्री सुभाष चन्द्र की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। यह घटना अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील प्रकृति की थी, जिसमें प्रारंभिक स्तर पर कोई प्रत्यक्ष सुराग उपलब्ध नहीं था। मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए हांसी पुलिस द्वारा इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए तुरंत जांच आरंभ की गई।


घटनास्थल पर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्रित

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही थाना शहर हांसी, अपराध शाखा तथा सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत ढंग से साक्ष्य एकत्रित किए गए। पुलिस अधीक्षक हांसी द्वारा स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर थाना शहर हांसी में अभियोग दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु 15 पुलिस टीमें गठित की गईं। सीमित सुरागों के बावजूद पुलिस ने तकनीकी एवं साक्ष्य-आधारित विश्लेषण के माध्यम से जांच को तार्किक दिशा प्रदान की।


मुख्य आरोपी गिरफ्तार

इसी क्रम में दिनांक 05 फरवरी 2026 की रात्रि को मुख्य आरोपी गुरमीत को चिन्हित कर पुलिस कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिया गया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिस दौरान वह घायल हो गया और वर्तमान में उपचाराधीन है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस जघन्य अपराध में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संकेत हैं। सभी संबंधित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गुरमीत करीब डेढ़ माह पूर्व छतरपुर (मध्य प्रदेश) घूमने गया था, जहां उसकी दोस्ती पवन, महेन्द्र, संजु व आकाश से हुई। इसके बाद सभी आरोपी आपस में मोबाइल फोन के माध्यम से लगातार संपर्क में रहे। करीब 7-8 दिन पूर्व उक्त सभी आरोपी गुरमीत के मकान पर रुके थे। घूमने-फिरने हेतु पैसों की व्यवस्था करने के लिए उन्होंने लूट की योजना बनाई। आरोपी गुरमीत का पूर्व में सेक्टर-5 हांसी में सैलून था, जहां प्रॉपर्टी डीलर सुभाष चन्द्र का नियमित आना-जाना रहता था। मृतक प्रायः गले में सोने की चेन एवं कड़ा पहनते थे। इन्हीं आभूषणों को लूटने के उद्देश्य से योजना बनाकर आरोपी गुरमीत ने अपनी मोटरसाइकिल वारदात के लिए उपलब्ध करवाई। सभी आरोपियों ने मिलकर उक्त वारदात को अंजाम दिया, जिसमें सुभाष चन्द्र की हत्या कर दी गई।