-
☰
हरियाणा: रेडक्रॉस कार्यालय का हुआ उद्घाटन, दिव्यांगों को मिले कृत्रिम अंग और रक्तदाताओं का किया सम्मान
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: मानव सेवा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण के उद्देश्य को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विधायक विनोद भयाना ने बीडीपीओ कार्यालय परिसर में जिला रेडक्रॉस सोसायटी, हांसी के नए कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रक्तदान, दिव्यांगजन सहायता एवं सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राहुल नरवाल सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, रक्तदाता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक विनोद भयाना ने कहा कि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी विश्व की सबसे बड़ी मानवीय सेवा संस्थाओं में से एक है, जो बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य करती है। उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी का नया कार्यालय शुरू होने से सामाजिक एवं जनसेवा संबंधी गतिविधियों को नई गति मिलेगी और जरूरतमंद लोगों तक सेवाओं की पहुंच और अधिक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से गरीब, असहाय, दिव्यांगजन, मरीजों एवं जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाती है। प्राकृतिक आपदाओं, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों तथा सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों में रेडक्रॉस की भूमिका सदैव सराहनीय रही है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी रेडक्रॉस के सेवा कार्यों में सहयोग देने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।इस अवसर पर उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राहुल नरवाल ने रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया तथा उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता कभी भी किसी को पड़ सकती है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से भविष्य में भी नियमित रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, जागरूकता अभियान, दिव्यांगजन सहायता कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित की जाती रहेंगी। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए रेडक्रॉस की गतिविधियों को और अधिक विस्तार दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। कृत्रिम अंग प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सामाजिक सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदाता समाज के वास्तविक नायक हैं, जो निस्वार्थ भाव से दूसरों का जीवन बचाने के लिए आगे आते हैं। इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ, बीडीपीओ अशोक कुमार, बीडीपीओ राजसिंह, चेयरमैन शीला, सचिव रविंद्र लोहान, मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना, पवन शर्मा, राजेश धमाना, संदीप सरपंच, कृष्ण वानखड़, विक्रम सैनी, श्याम खंडा, सुभाष यादव, विक्रम चोपड़ा, दिनेश भूटानी, रवि अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, रक्तदाता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।