-
☰
हरियाणा: 10.84 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा अत्याधुनिक बहुउद्देशीय हॉल, सामाजिक और सरकारी आयोजनों को मिलेगा आधुनिक मंच
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हांसी शहर को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस एक अत्याधुनिक बहुउद्देशीय (मल्टीपर्पज) हॉल की सौगात मिलने जा रही है। लगभग 10 करोड़ 84 लाख 71 हजार रुपये की लागत से पुरानी कचहरी परिसर में बनने वाला यह आधुनिक भवन सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक और सरकारी आयोजनों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विधायक विनोद भयाना ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरों और कस्बों में आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में हांसी में बनने वाला यह बहुउद्देशीय हॉल शहर के विकास की एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण से बड़े स्तर के सामाजिक और सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थानीय लोगों को बेहतर और सुव्यवस्थित मंच मिलेगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 39,973 वर्ग फुट क्षेत्र में इस भवन का निर्माण कराया जाएगा। भवन का डिजाइन वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। भूतल पर 225 लोगों की क्षमता वाला अत्याधुनिक हॉल, प्री-फंक्शन एरिया, आधुनिक रसोईघर, पैंट्री, स्टोर, वॉशिंग एरिया, किचन कोर्टयार्ड, लिफ्ट और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रथम तल पर एक अतिरिक्त हॉल, दो कमरे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं होंगी, जबकि भवन में लगभग 30 वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समय सीमा में पूरा किया जाए। परियोजना को एक वर्ष के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह भवन सरकारी बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, संगोष्ठियों, सांस्कृतिक आयोजनों और सामाजिक समारोहों के लिए आधुनिक और स्थायी सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद हांसी में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और शहर को नई पहचान मिलेगी। यह भवन आने वाले वर्षों में हजारों लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता उदयवीर झाझरिया, अशोक ठकराल, बबल खुराना, दूनी आसीजा, सुरेंद्र भांगा, दीपक मुंजाल, दिनेश भूटानी, रवि अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और अन्य उपस्थित रहे।