Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: 200 करोड़ का रिवर फ्रंट, 13,670 करोड़ का एक्सप्रेसवे और वाटर टैक्सी, लखनऊ में विकास की रफ्तार तेज

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 16/07/2026 10:52:53 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 16/07/2026 10:52:53 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में विकास की तीन बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू होने वाला है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में विकास की तीन बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू होने वाला है। गोमती के किनारे 200 करोड़ का रिवर फ्रंट, राजधानी को हल्द्वानी-नेपाल से जोड़ने वाला 13,670 करोड़ का एक्सप्रेसवे और शहर में जाम से राहत दिलाने वाली वाटर टैक्सी सेवा। सरकार का फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के साथ पर्यावरण और ट्रैफिक की समस्याओं को हल करने पर है।

 दिलकुशा कोठी के पास बनेगा नया रिवर फ्रंट, 200 करोड़ खर्च होंगे

गोमती नदी के किनारों पर बढ़ते अतिक्रमण और कंक्रीट के जंगल को लेकर उठ रहे सवालों के बीच लखनऊ कैंट बोर्ड ने पिपरा घाट के पास नया रिवर फ्रंट बनाने का फैसला लिया है। यह प्रोजेक्ट ऐतिहासिक दिलकुशा कोठी क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इस पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। योजना में नदी किनारे वॉक-वे, बैठने की जगह, लाइटिंग और ग्रीन कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव है।  हालांकि पर्यावरण विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर निर्माण गोमती के प्राकृतिक बाढ़ क्षेत्र में हुआ तो इससे नदी पर दबाव बढ़ेगा और बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है।

लखनऊ-हल्द्वानी को जोड़ेगा गोमती एक्सप्रेसवे

 उत्तर प्रदेश को एक और बड़े एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने जा रही है। सरकार लखनऊ से हल्द्वानी होते हुए नेपाल सीमा तक 300 किलोमीटर लंबा "गोमती एक्सप्रेसवे" बनाएगी। स्टेट कैपिटल रीजन और लडा के इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान के तहत तैयार हुए इस प्रोजेक्ट पर 13,670 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एक्सप्रेसवे बनने से लखनऊ से उत्तराखंड और नेपाल की दूरी कम होगी। व्यापार, पर्यटन और परिवहन को नई रफ्तार मिलेगी। इससे पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

गोमती-नहरों में दौड़ेंगी वाटर टैक्सी, ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति

 अब राजधानी में सड़क के जाम से बचने के लिए नदी का रास्ता अपनाया जाएगा। गोमती नदी, कुकरैल, शारदा नहर और हैदर कैनाल में जल्द ही वाटर टैक्सी चलाने की योजना है। स्टेट कैपिटल रीजन और लखनऊ अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट के तहत इस सेवा को शुरू किया जाएगा। वाटर टैक्सी से लोग बिना जाम में फंसे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इससे सड़कों पर वाहनों का बोझ भी कम होगा। साथ ही नदी किनारे पर्यटन को भी नई उड़ान मिलेगी।


Featured News