Contact for Advertisement 9919916171


छत्तीसगढ़: अग्निशमन सेवा दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, जागरूकता रैली का हुआ शुभारंभ

- Photo by : social media

छत्तीसगढ़  Published by: Prabhesh Mishra , Date: 14/04/2026 02:08:44 pm Share:
  • छत्तीसगढ़
  • Published by: Prabhesh Mishra ,
  • Date:
  • 14/04/2026 02:08:44 pm
Share:

संक्षेप

छत्तीसगढ़: सूरजपुर राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला अग्निशमन विभाग, सूरजपुर द्वारा एक गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विस्तार

छत्तीसगढ़: सूरजपुर राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला अग्निशमन विभाग, सूरजपुर द्वारा एक गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन, जिला अग्निशमन अधिकारी श्री संजय गुप्ता, उप निरीक्षक श्री राकेश पांडे अग्निशमन व नगर सेना के अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने शहीद अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में 2 मिनट का मौन धारण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात कलेक्टर  ने हरी झंडी दिखाकर राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा जागरूकता सप्ताह (14 से 20 अप्रैल) का शुभारंभ किया।

14 अप्रैल — एक ऐतिहासिक बलिदान की याद

14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डॉक बंदरगाह पर खड़े मालवाहक जहाज एस.एस. पोर्ट बॉम्बे में अचानक भयावह आग भड़क उठी थी। जहाज में विस्फोटक सामग्री एवं युद्ध उपकरण लदे थे। आग बुझाने के प्रयास में 66 वीर अग्निशमन कर्मी कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गए थे। इन्हीं अमर शहीदों की स्मृति में भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है।

कलेक्ट्रेट से कोतवाली चौक तक निकली जागरूकता रैली

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात अग्निशमन विभाग द्वारा बाइक एवं अग्निशमन वाहनों की भव्य रैली निकाली गई। कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर कोतवाली चौक तक पहुंची इस रैली के दौरान नागरिकों को पैम्फलेट वितरित कर अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव एवं सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में नगर सेना के कर्मचारी, अग्निशमन विभाग के समस्त कर्मचारी, यातायात पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस टीम उपस्थित रही। जिला अग्निशमन अधिकारी श्री संजय गुप्ता ने बताया कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत 14 से 20 अप्रैल तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में जन जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे, जिसमें नागरिकों को आग से सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय सिखाए जाएंगे।