-
☰
हरियाणा: पैदल गश्त से मजबूत होगा पुलिस-जन संवाद, अपराधियों में बढ़ेगा कानून का भय, एसपी सिद्धान्त जैन का बयान
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हिसार आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से हिसार पुलिस ने मंगलवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में बाजारों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी सुझावों की जानकारी ली। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के जरिए नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करने का प्रयास किया गया। एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नियमित पैदल गश्त से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं आपसी समन्वय मजबूत होता है। पुलिस की लगातार मौजूदगी से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बढ़ता है, जबकि आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण का एहसास होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी और निरंतर पुलिसिंग करना भी है। पैदल गश्त के दौरान पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील स्थानों और स्थानीय समस्याओं से सीधे परिचित होते हैं। इससे जरूरत पड़ने पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई अधिक प्रभावी हो सकती है। एसपी ने आमजन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की गई। हिसार पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार आमजन के सहयोग से सुरक्षित एवं अपराधमुक्त हिसार के संकल्प को और मजबूत किया जाएगा।