Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का हुआ शुभारंभ

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 11/06/2026 11:20:19 am Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 11/06/2026 11:20:19 am
Share:

संक्षेप

राजस्थान: कोटपूतली जयसिंह गौशाला में बुधवार को भव्य श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का श्रद्धा और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ।

विस्तार

राजस्थान: कोटपूतली जयसिंह गौशाला में बुधवार को भव्य श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का श्रद्धा और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गौभक्त एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। कथा व्यासपीठ से प्रवचन करते हुए वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक ब्रह्मचारी शिवबली महाराज (लड्डू गोपाल वाले) ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से व्यक्ति के जीवन में आध्यात्मिक जागृति आती है तथा धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। भगवान की भक्ति और सत्संग से जीवन के कष्ट दूर होते हैं तथा मन को शांति और आत्मिक सुख की प्राप्ति होती है। कथावाचक ने कथा के दौरान राजा परीक्षित और श्री शुकदेव जी महाराज का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि ऋषि पुत्र के श्राप के कारण राजा परीक्षित को सातवें दिन तक्षक नाग के डंसने से मृत्यु का ज्ञान हो गया था। तब उन्होंने सांसारिक मोह-माया का त्याग कर गंगा तट पर मोक्ष प्राप्ति का उपाय पूछा। उसी समय श्री शुकदेव जी महाराज वहां पहुंचे और सात दिनों तक उन्हें श्रीमद्भागवत महापुराण का दिव्य ज्ञान सुनाया। कथा श्रवण के फलस्वरूप राजा परीक्षित को आत्मज्ञान प्राप्त हुआ और उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन होकर मोक्ष प्राप्त किया।

इससे पूर्व मंगलवार शाम को कथा महोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल कलश यात्रा निकाली गई। लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में महंत श्रवण कुमार शर्मा के नेतृत्व में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जिसमें महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। बैंड-बाजों और भक्ति संगीत की धुन पर श्रद्धालु भजन गाते और नृत्य करते हुए आगे बढ़े। गौशाला अध्यक्ष राजेश सवाईका के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा का शहरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार कथा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।