Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया, जिलाधिकारी द्वारा ध्वजारोहण किया गया

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश   Published by: Yogendra Kumar , Date: 27/01/2026 01:35:51 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Yogendra Kumar ,
  • Date:
  • 27/01/2026 01:35:51 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जनपद में 77वें गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व अत्यंत गरिमा, उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जनपद में 77वें गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व अत्यंत गरिमा, उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में  जिलाधिकारी द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसके उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया गया। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय शिवनारायण गुप्ता की पुत्री संध्या गोयल, नायब सूबेदार रणजीत सिंह, वारंट ऑफिसर देवराज सिंह नागर तथा कारगिल शहीद स्वर्गीय नरेंद्र भाटी की धर्मपत्नी सुरेश देवी को पुष्पमाला एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके अतुलनीय योगदान को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को स्मरण किया गया। आयोजित कार्यक्रम में धर्म पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा।

 

इसके उपरांत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भारतीय संविधान पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका कुशल एवं सुव्यवस्थित संचालन मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत द्वारा किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ भारतीय संविधान देश को एक सशक्त, संप्रभु एवं लोकतांत्रिक स्वरूप प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान अपनी व्यापकता, समानता, न्याय और बंधुत्व की भावना के लिए विश्वभर में विशिष्ट पहचान रखता है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को एकता के सूत्र में बांधता है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके त्याग को कभी भुला नहीं सकता। जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों एवं विद्यालयों में भी गणतंत्र दिवस का पर्व हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी एल. ए. बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता, उप जिलाधिकारी अरविंद कुमार, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडे, अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारीगण एवं कलेक्ट्रेट परिसर के कर्मचारी उपस्थित रहे।