Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: महाराजा सुहेलदेव जयंती पर निःशुल्क पुस्तक वितरण हुआ समारोह

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Arun Kumar Patel , Date: 24/01/2026 11:33:15 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Arun Kumar Patel ,
  • Date:
  • 24/01/2026 11:33:15 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम शमशुद्दीनपुर में चक्रवर्ती सम्राट, राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव राजभर जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम शमशुद्दीनपुर में चक्रवर्ती सम्राट, राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव राजभर जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य निःशुल्क पुस्तक वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवियों के सामूहिक प्रयास से किया गया, जिसमें विशेष रूप से श्री सत्येंद्र चौहान जी का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा सुहेलदेव जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने उनके शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के जिला उपाध्यक्ष (आईटी सेल, बलिया) श्री पंकज राजभर जी रहे। उन्होंने अपने कर-कमलों से बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं और कहा कि “शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। अगर हम अपने बच्चों को शिक्षित करेंगे, तभी महाराजा सुहेलदेव जी के सपनों का सशक्त और आत्मनिर्भर भारत बन सकेगा।” उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने और देश व समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के बेल्थरा रोड ब्लॉक अध्यक्ष श्री किशन राजभर जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा सुहेलदेव जी केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनके विचार आज भी युवाओं को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य और सम्मानित लोग मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से हरिंदर राजभर जी, बुल्लू राजभर जी, जीवत राजभर जी, परशुराम राजभर जी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल थे। सभी अतिथियों ने बच्चों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल बच्चों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल भी बनता है। पुस्तक पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में महाराजा सुहेलदेव जी के आदर्शों, वीरता और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और समाज में शिक्षा, एकता और जागरूकता फैलाने का प्रण लिया।