-
☰
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान में वाल्मीकि प्रकट दिवस पर निकली भव्य शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर वाल्मीकि समाज की ओर से भगवान महर्षि वाल्मीकि के प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इससे पहले रात में भगवान वाल्मीकि के जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें गीतकारों और संगीतकारों ने भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जागरण कार्यक्रम में राहुल कुमार पुत्र सुदेश कुमार उर्फ टारझन ने ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। वहीं, हिमांशु चौधरी, कान्हा कुमार और आदर्श ने संयुक्त रूप से जागरण का उद्घाटन किया। इस दौरान कलाकारों ने धार्मिक भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। इसके बाद वाल्मीकि समाज और नगर के गणमान्य लोगों ने वाल्मीकि मंदिर परिसर से शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा पीठ बाजार, शहरी पुल चौक, दिल्ली-यमुनोत्री राजमार्ग, हाथी गेट, मुख्य बाजार, गुरुद्वारा साहिब चौक, जैन मंदिर, गुर्जर चौपाल, ठाकुरद्वारा चौक, मोहल्ला कायस्थान, मोहल्ला गंगाराम और पूर्व चेयरमैन चौधरी बाबूराम की हवेली सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस वाल्मीकि मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में भारत माता और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। नासिक ढोल, मंजीरे, ढोल-ताशे, डीजे और ब्रास बैंड की धुनों ने आयोजन को और भव्य बना दिया। शोभायात्रा के शुभारंभ से लेकर समापन तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। नगर में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा और जलपान के माध्यम से शोभायात्रा का स्वागत किया। स्वागत और पुष्पवर्षा में साहब सिंह कोरी की प्रमुख भूमिका रही। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग भी सराहनीय रहा। इस अवसर पर वेदप्रकाश वाल्मीकि, संजय ओमी राम वाल्मीकि, कैलाश चंद वाल्मीकि, टारझन वाल्मीकि, नेमचंद ढिंगान, रविंद्र चौधरी, प्रदीप बालियान, बिरजू वाल्मीकि और बबलू वाल्मीकि सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा और राष्ट्र सेविका समिति से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।