-
☰
उत्तर प्रदेश: अंतरराज्यीय पशु चोरी गिरोह का हुआ पर्दाफाश, चोरी की 15 भेड़ें और वाहन हुए बरामद
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर पुलिस को अंतरराज्यीय पशु चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर पुलिस को अंतरराज्यीय पशु चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना नकुड़ पुलिस, स्वाट टीम, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में छह शातिर पशु चोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई 15 भेड़ें, 5 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एक छोटा हाथी वाहन और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस के मुताबिक, 16 जून 2026 को एक ग्रामीण ने थाना नकुड़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उसके बाड़े से 31 भेड़ें चोरी कर ले गए। वहीं इससे पहले मई महीने में एक अन्य व्यक्ति ने अपनी भैंस चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। मंगलवार को गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी अम्बेहटा-गंगोह मार्ग से गुजरने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन रोकने का प्रयास किया, तभी एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने छह आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोएब अंसारी, नबी हसन उर्फ सुक्का, प्रदीप, छोटू उर्फ छोटन, सलीम और मोहित के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर कई पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि चोरी की गई भेड़ों को छोटे हाथी वाहन में भरकर जंगल में छिपाया जाता था और बाद में हरियाणा व अन्य क्षेत्रों में बेच दिया जाता था। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि चोरी की गई भेड़ों को बेचकर मिली रकम से उन्होंने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों से भी भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
झारखण्ड: रक्तदान शिविर में जेएसएलपीएस कर्मियों ने दिखाई मानवता की मिसाल, बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
राजस्थान: महाराजा सूरजमल जाट छात्रावास की अर्धवार्षिक बैठक 25 जून को आयोजित होगी
गुजरात: माधव डेयरी के उत्कृष्ट डीलर के रूप में पुंसरी के युवा व्यापारी जलयकुमार पटेल हुए सम्मानित
राजस्थान: काबरा ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य शिविर, टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित