Contact for Advertisement 9919916171


गुजरात: विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्रामसभा का हुआ आयोजन, विकास कार्यों व समस्याओं पर हुई चर्चा

- Photo by : social media

गुजरात  Published by: Rajeshbhai Khapabhai Patel , Date: 08/06/2026 12:31:34 pm Share:
  • गुजरात
  • Published by: Rajeshbhai Khapabhai Patel ,
  • Date:
  • 08/06/2026 12:31:34 pm
Share:

संक्षेप

गुजरात: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलमथा ग्राम पंचायत में आज एक महत्वपूर्ण ग्रामसभा का आयोजन किया गया।

विस्तार

गुजरात: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलमथा ग्राम पंचायत में आज एक महत्वपूर्ण ग्रामसभा का आयोजन किया गया। इस ग्रामसभा में पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में सरपंच आशीष पटेल, तलाटी मंत्री अल्केश पटेल, जितेश पटेल, संकेत पटेल सहित ग्राम पंचायत के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामजन उपस्थित रहे। ग्रामसभा के दौरान आवास योजना, जल योजना, सड़क निर्माण तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग भी रखी।

ग्रामसभा में कई स्थानीय निवासियों ने अपने-अपने मुद्दे प्रमुखता से उठाए। कलमथा निवासी मुतेश पटेल एवं अन्य ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उनके समाधान की मांग की। इसी क्रम में कलमथा गामसरा फड़िया निवासी राजेश पटेल ने अपने घर तक जाने वाले पक्के रास्ते की समस्या को उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से सड़क की सुविधा न होने के कारण विशेषकर बरसात के मौसम में उनके परिवार को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस मुद्दे पर तत्काल ध्यान देने की मांग की। इसके अलावा कलमथा थाना फड़िया निवासी रूपेश पटेल (टपुक भाई) ने अवैध मिट्टी खनन का गंभीर मुद्दा ग्रामसभा के समक्ष रखा। उन्होंने मांग की कि संबंधित स्थानों पर नियमानुसार चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा अवैध खनन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनके द्वारा उठाए गए इस मुद्दे को ग्रामसभा में उपस्थित सदस्यों द्वारा सराहा गया और इसे गंभीरता से लेने की बात कही गई।

ग्रामसभा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से भूमिका बेन एवं उनके स्टाफ की भी उपस्थिति रही। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं जागरूकता संबंधी जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी उपस्थित जनों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसके साथ ही ग्रामसभा का समापन शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में किया गया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि उठाए गए सभी मुद्दों पर जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी।