Contact for Advertisement 9919916171


मध्य प्रदेश: खेत के कुएं में मिला वयस्क नर भालू का क्षत-विक्षत शव, शिकार की आशंका से मची सनसनी

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Ashok Mahule , Date: 06/07/2026 01:49:26 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Ashok Mahule ,
  • Date:
  • 06/07/2026 01:49:26 pm
Share:

विस्तार

मध्य प्रदेश: जिले के वन परिक्षेत्र खैरलांजी सर्किल अंतर्गत ग्राम भंडारबोड़ी के पिपरटोला में उस समय सनसनी फैल गई जब खेत के कुएं से एक वयस्क नर भालू का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में वन विभाग ने शिकार की आशंका जताई है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह किसान जियालाल धुर्वे अपने खेत पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने खेत में बने कुएं में किसी मृत जीव के अवशेष देखे और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी डी.सी. वासनिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान पाया गया कि कुएं में पड़े अवशेष एक वयस्क नर भालू के हैं। हैरान करने वाली बात यह रही कि भालू के शरीर के कई टुकड़े कर उसे कुएं में फेंका गया था। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारी एसडीओ, डीएफओ एवं सीसीएफ को भी अवगत कराया गया, जिसके बाद डॉग स्क्वॉड टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

वन विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि भालू का सिर धड़ से अलग था, चारों पैर काट दिए गए थे तथा आगे के दोनों पैरों के नाखून भी गायब थे। शव लगभग छह से सात हिस्सों में मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शिकार के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है। अधिकारियों के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद पशु चिकित्सकों द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया और नियमानुसार वन्यजीव का अंतिम संस्कार किया गया। वन विभाग ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस गंभीर मामले में दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।