-
☰
राजस्थान: जिला कलक्टर ने सैनिकों और शहीद परिवारों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: देश की रक्षा में समर्पित वीर जवानों, पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।
विस्तार
राजस्थान: देश की रक्षा में समर्पित वीर जवानों, पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में सैनिक समस्या सुनवाई कार्यक्रम के तहत विशेष बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिला कलक्टर ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़े लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुये संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा में अपना योगदान देने वाले सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक में पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की कृषि एवं आवासीय भूमि, आम रास्तों पर अतिक्रमण, सुरक्षा से जुड़े मामलों सहित विभिन्न प्रकरणों पर चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने बहरोड़, नीमराना, बानसूर, नारायणपुर, मांढ़ण एवं कोटपूतली तहसीलों में सैनिक परिवारों से संबंधित भूमि विवादों एवं अवैध कब्जों के मामलों में संबंधित उपखण्ड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने पूर्व सैनिक परिवारों पर हमले, प्रताड़ना एवं झूठे मुकदमों से संबंधित शिकायतों पर पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर त्वरित कानूनी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही आमजन से जुड़े नामान्तरण (म्यूटेशन), आधार कार्ड संशोधन सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित प्रकरणों को भी समयबद्ध रूप से निस्तारित करने के लिये कहा। बैठक में अमर शहीदों के सम्मान से जुड़े मामलों पर भी विशेष चर्चा की गई। जिला स्तर पर लंबित शहीद स्मारकों एवं सरकारी विद्यालयों तथा सार्वजनिक संस्थानों का नामकरण शहीद सैनिकों के नाम पर किए जाने वाले प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभागों को इन प्रकरणों में प्राथमिकता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने तहसील मुख्यालय बहरोड़ में सैनिकों की पर्याप्त संख्या को देखते हुए भव्य शहीद स्मारक निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने तथा लंबित न्यायिक प्रकरणों के समाधान के लिए प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सैनिक कल्याण कार्यालय के सामने खुले नाले एवं गंदे पानी के भराव की समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद आयुक्त को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को सैनिक कल्याण से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर ऋषिदेव यादव, मेंबर जिला सैनिक बोर्ड कर्नल अशोक यादव, एएसपी नाजिम अली, कोटपूतली एसडीएम योगेश सिंह देवल, एसडीएम नारायणपुर दिनेश शर्मा, नगर परिषद आयुक्त बहरोड़ नूर मोहम्मद, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के संयुक्त निदेशक जब्बार खान, नगर परिषद कोटपूतली सचिव अभिषेक सैनी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
झारखण्ड: रक्तदान शिविर में जेएसएलपीएस कर्मियों ने दिखाई मानवता की मिसाल, बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
राजस्थान: महाराजा सूरजमल जाट छात्रावास की अर्धवार्षिक बैठक 25 जून को आयोजित होगी
गुजरात: माधव डेयरी के उत्कृष्ट डीलर के रूप में पुंसरी के युवा व्यापारी जलयकुमार पटेल हुए सम्मानित
राजस्थान: काबरा ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य शिविर, टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित