Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: अंबेडकर जयंती पर 2 किमी शोभायात्रा निकली , ‘जय भीम’ नारों से गूंजा क्षेत्र

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Suraj Maurya , Date: 14/04/2026 04:52:30 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Suraj Maurya ,
  • Date:
  • 14/04/2026 04:52:30 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: मिर्जापुर जनपद के गैपुरा क्षेत्र अंतर्गत कलना गहरवार गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती अभूतपूर्व उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: मिर्जापुर जनपद के गैपुरा क्षेत्र अंतर्गत कलना गहरवार गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती अभूतपूर्व उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। डॉ. अंबेडकर युवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे गांव को एकजुटता और उत्सव के रंग में रंग दिया। जयंती के अवसर पर लगभग 2 किलोमीटर लंबी भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें ‘जय भीम’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जगह-जगह केक काटकर और पटाखे छोड़कर लोगों ने अपनी खुशियां जाहिर कीं। शोभायात्रा में युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप दे दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय के लिए किए गए प्रयासों और भारतीय संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को याद किया। 

उन्होंने शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। गांव में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा। हर वर्ग और समुदाय के लोगों ने मिलकर सामाजिक समरसता और भाईचारे का उदाहरण पेश किया। बच्चों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि बाबा साहेब के विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज में समानता और न्याय की स्थापना के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर राजकुमार गौतम (बीडीसी), राजीव, वीरेंद्र कुमार, गजराज, तीरथ जी, पंकज, महेंद्र कुमार, श्याम सुंदर, मुन्ना लाल एडवोकेट, शेषधर सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।