-
☰
उत्तर प्रदेश: कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर प्रशासन हुआ अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने कांवड़ संघ, शिविर व डीजे संचालकों के साथ की बैठक
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में कांवड़ संघों, शिविर संचालकों तथा डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द और जनसुरक्षा बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए डीजे की निर्धारित ऊंचाई, ध्वनि प्रदूषण के मानकों, निर्धारित मार्गों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। डीएम और एसएसपी ने सभी डीजे संचालकों, शिविर आयोजकों और कांवड़ संघों से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान अनुशासन और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। गोष्ठी के दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं तथा विभिन्न विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है।