-
☰
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान पुलिस ने स्कूल और ट्यूबवेल चोरी का किया खुलासा, दो शातिर चोर हुए गिरफ्तार
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान थाना पुलिस ने स्कूल और किसानों के ट्यूबवेलों में हुई चोरी की दो घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान तथा वारदात में प्रयुक्त एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान में एक प्लास्टिक के कट्टे में जला हुआ तांबे का तार, एक बड़ी बैटरी, दो छोटी बैटरियां और अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पहली घटना 20 जून की है, जब थाना क्षेत्र के ग्राम नयागांव स्थित एक स्कूल में चोरों ने ऑफिस की खिड़की उखाड़कर इन्वर्टर बैटरी, एलईडी, डीवीआर और स्कूल बस की दो बैटरियां चोरी कर ली थीं। वहीं दूसरी घटना 20 जुलाई को ग्राम पिलखनी में हुई, जहां कई किसानों के ट्यूबवेलों से तांबे की केबल, स्टार्टर और डीएपी खाद के कट्टे चोरी कर लिए गए थे। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जिलेभर में चोरी, नकबजनी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामपुर मनिहारान पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और चेकिंग कर रही थी। इसी अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उम्मेद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम चुनैहटी अंडरपास के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम उमरी खुर्द निवासी नितिन पुत्र शिवकुमार और ग्राम पिलखनी निवासी सागर पंवार उर्फ सावन पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले से भी चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इनका संबंध अन्य चोरी की घटनाओं से तो नहीं है।