-
☰
गुजरात: गैस सिलेंडर से मुक्त हुआ पुनसरी गांव, अब घर-घर पहुंचेगी PNG गैस सुविधा, ग्रामीणों में दिखी खुशी की लहर
- Photo by : social media
विस्तार
गुजरात: साबरकांठा जिले की तलोद तहसील स्थित पुनसरी गांव ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। गांव को अब गैस सिलेंडर की निर्भरता से मुक्त करते हुए ऑनलाइन पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सुविधा से जोड़ दिया गया है। पवित्र आषाढ़ी बीज के अवसर पर गांव में इस सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया गया। जानकारी के मुताबिक, पुनसरी गांव के सरपंच नरेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष गांव में जल्द से जल्द PNG गैस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। इसके बाद प्रधानमंत्री के निर्देशों पर साबरमती गैस कंपनी के अधिकारियों ने गांव का दौरा किया और PNG कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की। साबरमती गैस की टीम ने बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लगाकर गांव में गैस पाइपलाइन और कनेक्शन से जुड़ा काम शुरू किया। इसके बाद सरपंच नरेंद्र पटेल ने विधिवत रूप से PNG गैस सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान पहली बार PNG गैस चूल्हे पर चाय बनाकर इसकी शुरुआत की गई और ग्रामीणों ने इसका आनंद लिया। PNG सुविधा शुरू होने के बाद गांव की गृहिणियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अब उन्हें बार-बार गैस सिलेंडर बुक कराने और सिलेंडर खत्म होने की चिंता से राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने इस सुविधा के लिए खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। सरपंच नरेंद्र पटेल ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से गांव के सभी इच्छुक परिवारों के घरों तक PNG गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम पूरा किया जाएगा। अगले एक महीने के भीतर मांग करने वाले सभी परिवारों को इस सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। गांव में PNG गैस सेवा की शुरुआत को ग्रामीण विकास और आधुनिक सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे जहां महिलाओं को सुविधा मिलेगी, वहीं स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा।