-
☰
राजस्थान: पंचगौरव योजना की समीक्षा, कृषि, खेल और विकास कार्यों पर बनी रणनीति
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: कोटपूतली जिला कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में पंचगौरव योजना से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
विस्तार
राजस्थान: कोटपूतली जिला कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में पंचगौरव योजना से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पंचगौरव योजना के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों, वित्तीय प्रावधानों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान वर्ष 2025-26 के लंबित कार्यों एवं सीसीसी से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई तथा उनकी शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए टाइड फंड के अंतर्गत प्रस्तावित बजट एवं विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। अनटाइड फंड के अंतर्गत आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना तैयार करने, प्राथमिकता वाले विकास कार्यों का चयन करने तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठक में अनटाइड फंड के माध्यम से किए गए विकास कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए तैयार की जाने वाली कॉफी टेबल बुक पर भी चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में किए गए नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों को प्रभावी रूप से दस्तावेजीकृत किया जाए, ताकि जिले की विकास यात्रा को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जा सके। कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिले में गाजर की उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसानों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने, आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रसार करने तथा गाजर उत्पादकों का एफपीओ गठित करने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को किसानों की आय बढ़ाने एवं कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। खेलों के विकास को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। कुश्ती खिलाड़ियों के बेहतर प्रशिक्षण के लिए इंडोर स्टेडियम के नवीनीकरण तथा खिलाड़ियों को आवश्यक स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। जिला कलेक्टर ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। बैठक में पंचगौरव योजना के अंतर्गत उपलब्ध फंड, विभिन्न विकास प्रस्तावों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने तथा योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में एसीईओ गोपाल लाल मीणा, जिला उद्योग अधिकारी भँवर लाल, उपनिदेशक उद्यानिकी लीलाराम जाट, उपनिदेशक सांख्यिकी प्रवीण चौहान, एसीबीईओ पूरण कसाना सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।