Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना हुआ शुरू

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश,मनोज कुमार   Published by: , Date: 03/06/2026 03:23:46 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश,मनोज कुमार
  • Published by: ,
  • Date:
  • 03/06/2026 03:23:46 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: हाथरस जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लंबे समय से चली आ रही नाराजगी मंगलवार को जनआंदोलन के रूप में सामने आई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: हाथरस जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लंबे समय से चली आ रही नाराजगी मंगलवार को जनआंदोलन के रूप में सामने आई। भारतीय किसान यूनियन भानू, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, व्यापार मंडल सहित करीब एक दर्जन सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों ने सीएमओ कार्यालय के सामने पुल के नीचे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिला अस्पताल में चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता होने के बावजूद मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार नहीं मिल रहा है। उनका आरोप है कि अस्पताल की इमरजेंसी सेवा उपचार केंद्र के बजाय रेफर सेंटर बनकर रह गई है। मामूली चोट, कटने-फटने या पेट दर्द जैसी सामान्य समस्याओं के मरीजों को भी अलीगढ़, आगरा और अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफर किया जा रहा है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, इमरजेंसी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की जवाबदेही तय करने तथा हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। धरने में शामिल लोगों ने चिकित्सकीय लापरवाही के कारण कई मरीजों की मौत होने का आरोप भी लगाया। हाल ही में एक वरिष्ठ पत्रकार की पत्नी की मृत्यु का मामला भी लोगों के आक्रोश का प्रमुख कारण बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि ठोस और प्रभावी कदम उठाने होंगे। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की "बुद्धि शुद्धि" के लिए हवन-यज्ञ भी किया गया। वहीं, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।