Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध मीट दुकानों पर मुकदमा दर्ज

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 06/07/2026 12:56:17 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 06/07/2026 12:56:17 pm
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर सख्ती बरतते हुए कई स्थानों पर जांच की गई। अभियान के दौरान कटे फल, गन्ने का जूस, खुली मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा प्रतिबंधित रसायनों का उपयोग न करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में कोन थाना क्षेत्र के ग्राम कचनरवा स्थित दो अवैध मीट दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बिना खाद्य पंजीकरण एवं लाइसेंस के मीट विक्रय किए जाने की पुष्टि होने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में बिना अनुमति कारोबार न करने की चेतावनी भी दी गई। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (03.07.2026) को खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा की गई जांच के दौरान मीट विक्रेताओं एवं अन्य लोगों द्वारा असहयोग किया गया तथा जांच को प्रभावित करने का प्रयास भी किया गया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, कई लोग सामान लेकर इधर-उधर भागते नजर आए और कुछ लोगों ने अपना नाम व पता बताने से भी इंकार कर दिया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत इस प्रकार की निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।