-
☰
उत्तर प्रदेश: मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, निहंग सिख भाइयों को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप
- Photo by :
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र के ग्राम तहलेड़ी बुजुर्ग में मोटरसाइकिल की मामूली टक्कर के बाद दो निहंग सिख भाइयों पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र के ग्राम तहलेड़ी बुजुर्ग में मोटरसाइकिल की मामूली टक्कर के बाद दो निहंग सिख भाइयों पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष के अनुसार 15 से 20 अज्ञात युवकों ने हरकीरत सिंह और उनके भाई प्रभजोत सिंह, निवासी नकुड़ तहसील, पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया गया है कि घटना के बाद पीड़ितों द्वारा देवबंद थाने में तहरीर दी गई तथा चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। घायल दोनों भाइयों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सहारनपुर स्थित एसबीडी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल में सिख समाज के कई लोग पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। चिकित्सकीय जांच में एक घायल के हाथ की हड्डी टूटने की बात सामने आई है, जबकि सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी नेता एवं नगर निगम पार्षद टिंकू अरोड़ा ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। वहीं, सिंह वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मनजोत सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सिख समाज हमेशा सभी धर्मों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है और समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि सिख समाज के लोगों पर होने वाले हमले चिंता का विषय हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान सरदार साहब सिंह, सरदार गिन्नी सिंह, सरदार भगत सिंह, सरदार जोगिंदर सिंह, सरदार गुरप्रीत सिंह सहित सिख समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। सिख समाज ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि, इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी शेष है।
राजस्थान: जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
राजस्थान: मारवाड़ी महिला सम्मेलन ने बस स्टैंड पर पिलाया 2100 गिलास शरबत
राजस्थान: विश्व पर्यावरण दिवस पर दो महिलाओं को मिला राज्य स्तरीय सम्मान
राजस्थान: विश्व पर्यावरण दिवस पर शिव शिक्षा समिति ने किया पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राजस्थान: आंधी में टूटी 11 केवी बिजली की लाइन, आग से केबिन जलकर हुआ राख
राजस्थान: 11 हजार केवी लाइन का तार टूटने से लगी आग, केबिन सहित हजारों का सामान हुआ राख