-
☰
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन शातिर चोर हुए गिरफ्तार, चोरी का सामान और तमंचा हुआ बरामद
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर कोतवाली देहात थाना पुलिस ने रविवार रात गश्त के दौरान मुठभेड़ के बाद चोरी के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य को कॉम्बिंग के दौरान पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस के साथ नल फैक्ट्री से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की रात टीम देवला से गोपालपुर जाने वाले मार्ग पर गोकलपुर रजवाहे की पटरी के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान ईंख के खेत के पास तीन संदिग्ध लोग दिखाई दिए। पुलिस टीम जब पूछताछ के लिए उनकी ओर बढ़ी तो एक आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी मेहरबान पुत्र फजल, निवासी आजाद गार्डन, कलसिया रोड, थाना मंडी, सहारनपुर के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं कॉम्बिंग के दौरान दो अन्य आरोपियों रमजानी पुत्र खुर्शीद, निवासी मच्छरहेड़ी, थाना नकुड़ और भूरा पुत्र फजल, निवासी आजाद गार्डन, कलसिया रोड, थाना मंडी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी कोतवाली देहात थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे में वांछित थे। उनके पास से सात अलग-अलग कट्टों में रखी 125 नल की हत्थियां और चार नल बरामद किए गए। इसके अलावा एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस भी मिला है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मेहरबान के खिलाफ चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं भूरा थाना मंडी का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।