-
☰
उत्तर प्रदेश: दधिकांदों मेला की तैयारियों को लेकर हुई बैठक, अधिकारियों को समय से व्यवस्थाएं पूरी कराने के दिए गए निर्देश
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज दधिकांदों मेला के आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को संगम सभागार में बैठक आयोजित की गई। पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की सहअध्यक्षता में हुई बैठक में मेला आयोजन समितियों के सदस्यों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मेले के सकुशल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मेला आयोजन समितियों के सदस्यों ने ढीले और जर्जर विद्युत तारों, साफ-सफाई तथा खराब मार्गों की समस्या अधिकारियों के सामने रखी। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को मेला स्थलों और मार्गों पर लगे ढीले व जर्जर तारों को दुरुस्त कराने के साथ ही सड़क पर लगे ट्रांसफार्मरों को आवश्यकतानुसार शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्रों के अपर नगर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को मेला क्षेत्रों का भ्रमण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराने को कहा। नगर निगम को साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने, जल निगम को पेयजल की व्यवस्था तथा पीडब्ल्यूडी एवं नगर निगम को मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। मेला रूट पर पड़ने वाले सीवर के ढक्कनों की भी जांच कराने और खुले ढक्कनों को तत्काल बंद कराने को कहा गया। विद्युत विभाग को मेले के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और गलियों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थलों पर अस्थायी चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने तथा अग्निशमन विभाग को पर्याप्त अग्निशमन वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने मेला आयोजन समितियों से अपने-अपने वालंटियर नियुक्त कर उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मेला रूट पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, मार्ग में आने वाले पेड़ों की छंटाई कराने के भी निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने कहा कि मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती होगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। मेले की गतिविधियों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और दधिकांदों मेला आयोजन समितियों के सदस्य मौजूद रहे।
हरियाणा: अग्रोहा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार, 7 चोरीशुदा बाइक हुई बरामद
हरियाणा: हिसार पुलिस के 7 पुलिसकर्मी हुए सेवानिवृत्त, विभाग ने दी भावभीनी विदाई
गुजरात: अवैध पानी और सीवर कनेक्शन नियमित कराने का अभियान जारी, बाद में होगी कार्रवाई
हरियाणा: नशा छोड़ने वालों के साथ खड़ी है हांसी पुलिस, उपचार में भी करेगी मदद