-
☰
हरियाणा: कांशी राम के पैतृक गांव पहुंचे ASP नेता, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लिया बहुजन आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: रोपड़ आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के पंजाब प्रदेश कार्यकारी प्रधान अमृत सिंह भारती ने 26 अगस्त को पार्टी पदाधिकारियों और लुधियाना के कार्यकर्ताओं के साथ साहिब कांशी राम के पैतृक गांव ख्वासपुरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कांशी राम की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अमृत सिंह भारती ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य युवाओं को संगठित कर कांशी राम की विचारधारा और बहुजन आंदोलन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब में युवाओं को सामाजिक और राजनीतिक रूप से जागरूक करने के लिए पार्टी लगातार काम करेगी। मीडिया से बातचीत के दौरान भारती ने कहा कि कांशी राम अपने राजनीतिक अनुभव और रणनीति के लिए जाने जाते थे। उनके निधन के बाद बहुजन राजनीति में उनकी रणनीतियों और अनुभवों का अपेक्षित इस्तेमाल नहीं हुआ, जिसका असर आंदोलन की स्थिति पर पड़ा। उन्होंने दावा किया कि आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में कांशी राम के विचारों को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पंजाब की राजनीति को लेकर भी पार्टी का रुख स्पष्ट किया और कहा कि उनकी पार्टी राज्य में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए युवाओं को आगे लाएगी। भारती ने दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी पंजाब में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को और तेज करेगी। दौरे के दौरान पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने गांव की पंचायत और स्थानीय गणमान्य लोगों से मुलाकात की। कांशी राम के परिवार के सदस्यों से भी प्रतिनिधियों की मुलाकात हुई। बताया गया कि उनके छोटे भाई दरबारा सिंह ने पार्टी प्रतिनिधियों को आशीर्वाद दिया। भारती ने कांशी राम के राजनीतिक जीवन में दीना भाना वाल्मीकि के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांशी राम ने सामाजिक आंदोलन को अपना जीवन समर्पित किया और अब युवाओं को इसकी जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर अमृत भारती ने स्थानीय युवा अंबेडकरवादी नेता रिकी मट्टू का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने कहा कि रिकी मट्टू के प्रयासों से यह दौरा सफल हुआ और भविष्य में उन्हें पार्टी की ओर से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन सचिव सुरिंदर पाल जखू, प्रदेश सचिव परवेज आलम, लुधियाना उपाध्यक्ष अशोक कुमार, शिव कुमार, बबलू अंबेडकर, सोमनाथ मांगट, राजिंदर कुमार, मोहम्मद सारिम, शायान अंसारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय स्तर पर हरप्रीत सिंह हैप्पी सरपंच, दविंदर सिंह राणा, सतविंदर सिंह, करमजीत सिंह, रणजीत सिंह और रक्षित कुमार सहित अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।