-
☰
बिहार: जलजमाव से त्रस्त अमदाबाद, सड़क और नाला निर्माण को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
- Photo by : social media
संक्षेप
बिहार: अमदाबाद नगर पंचायत की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शुमार मुख्य बाजार से बजरंगी टोला होते हुए पश्चिम टोला चौराहा तक जाने वाली सड़क की बदहाली अब बड़ा जनमुद्दा बनती जा रही है।
विस्तार
बिहार: अमदाबाद नगर पंचायत की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शुमार मुख्य बाजार से बजरंगी टोला होते हुए पश्चिम टोला चौराहा तक जाने वाली सड़क की बदहाली अब बड़ा जनमुद्दा बनती जा रही है। वर्षों से जलजमाव, अतिक्रमण और जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों की आवाज अब जनता दल (यू) की प्रखंड अध्यक्ष खुशबू कुमारी ने बुलंद की है। इसी को लेकर जेडीयू प्रखंड अध्यक्ष खुशबू कुमारी ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी एवं मुख्य पार्षद बबलू मंडल को ज्ञापन सौंपकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने, पक्के नाले का निर्माण कराने तथा पूरी सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह सड़क नगर पंचायत की जीवनरेखा है, लेकिन वर्षों से लोगों को बदहाल व्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग मुख्य बाजार, प्रखंड मुख्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, बैंक और अन्य सरकारी कार्यालयों तक पहुंचते हैं। लेकिन हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और स्थिति ऐसी हो जाती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे गंभीर बात यह है कि बारिश बंद होने के बाद भी करीब एक महीने तक सड़क पर जलजमाव बना रहता है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित होता है। गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना रहता है। इस संबंध में नगर पंचायत के मुख्य पार्षद बबलू मंडल ने बताया कि समस्या गंभीर है और नगर पंचायत इसे प्राथमिकता के आधार पर ले रही है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द नाला निर्माण एवं सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को जलजमाव और खराब सड़क से स्थायी राहत मिल सके। वहीं, इस पूरे मामले पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी का पक्ष जानने के लिए दूरभाष पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। ऐसे में इस महत्वपूर्ण जनसमस्या पर प्रशासनिक चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नगर पंचायत का यह आश्वासन जल्द धरातल पर उतर पाएगा, या फिर हर बरसात की तरह इस बार भी लोग जलजमाव, गंदगी और बदहाल सड़क पर चलने को मजबूर रहेंगे। अमदाबाद की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी कार्रवाई का इंतजार कर रही है।
गुजरात: शिनोर पुलिस ने की छापेमारी, अवैध विदेशी शराब के साथ आरोपी हुआ गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश: अमरजीत यादव का सरकार पर हमला, छात्र आंदोलन और संसद की कार्यशैली पर उठाए सवाल
मध्य प्रदेश: नए कलेक्टर ने संभाली कमान, जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान पुलिस ने वारंटी आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायालय में किया गया पेश
बिहार: बथना नदी में डूबने से किशोर की हुई मौत, शव की तलाश में जुटी पुलिस और एसडीआरएफ
झारखंड: एनटीपीसी कोल माइंस परियोजना की ट्रांसपोर्टिंग से बदहाल हुई सड़क, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश