-
☰
गुजरात: मेगा कॉम्बिंग नाइट अभियान में पुलिस का बड़ा एक्शन, 144 हिस्ट्रीशीटरों की हुई जांच
- Photo by : social media
विस्तार
गुजरात: महेसाणा जिले के कडी डिवीजन में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला पुलिस ने विशेष 'कॉम्बिंग नाइट' अभियान चलाया। अभियान के तहत कडी डिवीजन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने देर रात तक व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस अधीक्षण में चलाए गए इस अभियान के लिए कडी डिवीजन के विभिन्न पुलिस स्टेशनों तथा महेसाणा एलसीबी (लोकल क्राइम ब्रांच) की कुल सात विशेष टीमें गठित की गईं। अभियान के दौरान पुलिस ने 144 हिस्ट्रीशीटर और एमसीआर अपराधियों का सत्यापन कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जांच की। इसके अलावा, पुलिस ने क्षेत्र के 16 होटल, ढाबों और गेस्ट हाउसों में आकस्मिक निरीक्षण कर यात्रियों के रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की। वहीं, यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 240 वाहनों की चेकिंग की गई। इनमें कडी थाना क्षेत्र में 52, बेचराजी में 41, नंदसाण में 53, बावलू में 31, मोढेरा में 32 और सांथल थाना क्षेत्र में 21 वाहनों की जांच शामिल रही। अभियान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मिले 12 लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही विभिन्न आवासीय सोसायटियों और औद्योगिक इकाइयों में तैनात 21 सुरक्षा गार्डों का सत्यापन कर उन्हें सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीमों ने चार बस स्टेशनों, 11 मंदिरों, कैनाल रोड तथा आठ सुनसान स्थानों पर भी सघन पेट्रोलिंग की। पुलिस का कहना है कि इस तरह के विशेष अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय बनाए रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए सुरक्षा की भावना व्यक्त की।