-
☰
हरियाणा: हांसी समाधान शिविर में जनसमस्याओं पर सख्त हुए CTM, अनुपस्थित अधिकारियों को दिया कारण बताओ नोटिस
- Photo by : SOCIAL MEDIA
विस्तार
हरियाणा: हांसी जिला सचिवालय परिसर में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में नगराधीश (CTM) हिमांशु चौहान ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जलभराव और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा। समाधान शिविर के दौरान नगर परिषद के ईओ और ट्रैफिक मैनेजर, हांसी के अनुपस्थित रहने पर CTM ने कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। CTM ने स्पष्ट किया कि समाधान शिविर जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में अधिकारियों की अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बरसात के मौसम को देखते हुए CTM ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी जलभराव की सूचना मिले, वहां तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पंप और अन्य आवश्यक मशीनरी की पर्याप्त व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिए गए। शिविर में प्रशासन की संवेदनशीलता का एक मामला भी सामने आया। लाल सड़क, हांसी निवासी चंदन ने अपनी पत्नी के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए आवश्यक रिलेशनशिप सर्टिफिकेट जारी कराने का आवेदन दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार बिढान ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रिलेशनशिप सर्टिफिकेट मौके पर ही तैयार कर आवेदक को सौंप दिया। तहसीलदार ने चंदन से बिना देरी किए जयपुर रवाना होने की बात कही, ताकि सर्जरी की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की नागरिकों ने सराहना की। समाधान शिविर में ढाणा खुर्द गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने बंदरों के बढ़ते आतंक और जल निकासी की समस्या भी उठाई। CTM हिमांशु चौहान ने संबंधित विभागों को मौके का निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा आय कम करवाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन बनवाने सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें और आवेदन भी प्राप्त हुए। CTM ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
राजस्थान: डिग्गी लक्खी मेले को लेकर प्रशासन हुआ अलर्ट, अनुमति प्रक्रिया पर पदयात्रा संघ ने उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश: चौका नदी में डूबने से 12 वर्षीय किशोर की हुई मौत, गांव में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश: पुलिस कमिश्नर के आश्वासन के बाद किसान संघर्ष मोर्चा का आंदोलन हुआ स्थगित
झारखंड: बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए युवा समूह ने DPRO को सौंपा 8 सूत्री ज्ञापन