-
☰
हरियाणा: नियमितीकरण की मांग पर पार्ट-टू और हारट्रोन कर्मचारियों का विरोध, 11 अगस्त को पंचकूला में प्रदर्शन का ऐलान
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हरियाणा के विभिन्न सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग पॉलिसी पार्ट-टू और हारट्रोन के तहत कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध तेज कर दिया है। कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया और सरकार से जल्द नियमितीकरण नीति लागू करने की मांग की। पार्ट-टू कर्मचारियों के राज्य प्रधान दिनेश कुमार और हरियाणा आईटी प्रोफेशनल वेलफेयर एसोसिएशन के राज्य प्रधान विरेंद्र ढांडा ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रदेशभर के हजारों कर्मचारी वर्षों से विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी विभागों के नियमित कार्यों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार को उनके कार्य अनुभव और लंबे सेवाकाल को ध्यान में रखते हुए एक स्पष्ट और न्यायसंगत नियमितीकरण नीति बनानी चाहिए, ताकि उनके साथ-साथ उनके परिवारों का भविष्य भी सुरक्षित हो सके। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसी क्रम में 11 अगस्त को पंचकूला के सेक्टर-5 में प्रदेशभर के पार्ट-टू और हारट्रोन कर्मचारी एकत्रित होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान सरकार के समक्ष नियमितीकरण की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा। कर्मचारी नेताओं ने प्रदेशभर के सभी संबंधित कर्मचारियों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। साथ ही सरकार से आग्रह किया गया है कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि हजारों कर्मचारियों को भविष्य की सुरक्षा और स्थायी रोजगार का भरोसा मिल सके।
उत्तर प्रदेश: ग्रामीण खेलों को बचाने की मुहिम, कुश्ती परंपरा को नई पहचान देने में जुटे पहलवान
हरियाणा: समाधान शिविर में डीसी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
हरियाणा: महिलाओं की शिकायतों का प्राथमिकता से हो समाधान, सुरक्षा-सम्मान पर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध
हरियाणा: गुरु रविदास जयंती पर निकली पावन कलश वंदन यात्रा का हिसार में भव्य स्वागत
उत्तर प्रदेश: दोस्तों संग घूमने आया युवक मदन सागर तालाब में डूबा, 4 घंटे बाद मिला शव