-
☰
हरियाणा: महिलाओं की शिकायतों का प्राथमिकता से हो समाधान, सुरक्षा-सम्मान पर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने गुरुवार को हांसी जिले के अपने प्रथम दौरे के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य सेवाओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सरकारी कार्यालय में आने वाली महिला की शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मीना परमार ने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, सशक्तिकरण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला आयोग लगातार जिलों का दौरा कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा है, ताकि महिलाओं को किसी भी स्तर पर असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण मिल सके। बैठक के बाद उन्होंने नागरिक अस्पताल हांसी का निरीक्षण किया। इस दौरान महिला वार्ड, प्रसूति वार्ड, पिंक ओपीडी, औषधि वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल और शौचालयों का जायजा लिया। उन्होंने महिला मरीजों से बातचीत कर उपचार, डॉक्टरों के व्यवहार और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सुविधाओं और नि:शुल्क दवाइयों पर संतोष जताया। महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने पिंक ओपीडी की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को सम्मानजनक माहौल में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक हमेशा उपलब्ध रहे। इसके बाद मीना परमार ने महिला थाना हांसी का निरीक्षण कर शिकायत रजिस्टर और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता और तेजी से कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। प्रशासन, पुलिस और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण तैयार किया जा सकता है। इस अवसर पर उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश: ग्रामीण खेलों को बचाने की मुहिम, कुश्ती परंपरा को नई पहचान देने में जुटे पहलवान
हरियाणा: समाधान शिविर में डीसी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
हरियाणा: गुरु रविदास जयंती पर निकली पावन कलश वंदन यात्रा का हिसार में भव्य स्वागत
उत्तर प्रदेश: दोस्तों संग घूमने आया युवक मदन सागर तालाब में डूबा, 4 घंटे बाद मिला शव